नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र में कल 20 नवंबर को वोट डाले जाने वाले हैं। वोटिंग से एक दिन पहले महाराष्ट्र की सियासत में उस समय भूचाल आ गया जब बहुजन विकास अघाड़ी ने बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े पर वोटर्स को पैसे बांटने का आरोप लगाया। हालांकि विनोद तावड़े की तरफ से इस मामले में बयान सामने आया है कि वह वहां कार्यकर्ताओं से मिलने गए थे। इस कैश कांड पर विनोद तावड़े पर FIR दर्ज हो गई है।
BJP महासचिव विनोद तावड़े ने आरोपों को सिरे से नकारा
पैसे बांटने के आरोप में घिरे BJP महासचिव विनोद तावड़े से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने इस बात से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि वह वहां कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। इसके अलावा उन्होंने चुनाव आयोग से यह मांग कर कि वह इस मामले में निष्पक्ष जांच करें। BJP नेता अमित मालवीय ने भी इसे विपक्षी षड़यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि इस मामने का पूरा सच सामने आना चाहिए।
महाविकास अघाड़ी विनोद तावड़े पर हमलावर
मामले के संज्ञान में आते ही महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बीजेपी पर हमला बोल दिया है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि मेरे बैग की तालाशी ली गई लेकिन मेरे बैग से कुछ नहीं मिला जबकि विनोद तावड़े के बैग से नोट निकले हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भी विनोद तावड़े पर सवाल उठाए हैं। नाना ने कहा कि चुनाव प्रचार बंद होने के बाद विनोद तावड़े वहां क्या करने गए थे। बीजेपी पैसे बांटकर चुनाव जीतना चाहती है। चुनाव आयोग को न सिर्फ इसका संज्ञान लेना चाहिए बल्कि कड़ी से कड़ी कार्यवाई भी करनी चाहिए। NCP शरद गुट के नेता जितेंद्र आव्हाड ने भी कहा कि सत्ताधारी दल को पैसे बांटने का इतना शौक क्यों है। वहां पुलिस की मदद से पैसे बांटे जा रहे थे।





