नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । शक्ति उपासना का पर्व शारदीय नवरात्रि में देश जहां माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है, वहीं देश के बाहर भी भारतीय संस्कृति की धड़कन सुनाई दे रही है। गरबा, डांडिया, देवी पूजन और श्रद्धा से लबरेज यह पर्व अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। भारतीय प्रवासियों ने इसे सात समंदर पार भी भव्यता से जीवंत रखा है।
अगर आप विदेश यात्रा का प्लान बना रहे हैं और नवरात्रि का उल्लास भी मिस नहीं करना चाहते, तो इन देशों की सैर आपकी लिस्ट में शामिल होनी चाहिए।
1. संयुक्त राज्य अमेरिका: गरबा के लिए टिकट चाहिए!
अमेरिका में नवरात्रि का जुनून किसी त्योहार से कम नहीं। न्यू जर्सी, टेक्सास, कैलिफोर्निया और शिकागो जैसे शहरों में गरबा नाइट्स की ऐसी धूम होती है कि लोगों को टिकट खरीदकर एंट्री लेनी पड़ती है। यहां गरबा सिर्फ नृत्य नहीं, एक उत्सव है – रोशनी, संगीत और संस्कृति का भव्य संगम।
2. यूनाइटेड किंगडम: स्टेडियम में गूंजता है डांडिया
लंदन, लीसेस्टर और मैनचेस्टर जैसे शहरों में नवरात्रि के आयोजनों की भव्यता देखनी हो तो किसी स्टेडियम का रुख करिए। यहां हजारों की संख्या में लोग सामूहिक गरबा में हिस्सा लेते हैं। देवी पूजन, डांडिया नाइट्स और भक्ति भाव का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
3. कनाडा: वेस्टर्न कल्चर में इंडियन रंग
टोरंटो, वैंकूवर और ब्रैम्पटन जैसे शहरों में नवरात्रि सिर्फ भारतीय समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि यहां की स्थानीय संस्कृति में भी भारतीय रंग घुल चुका है। गरबा-डांडिया के साथ-साथ सांस्कृतिक मेलों, भजन संध्या और देवी जागरण का आयोजन भी होता है।
4. ऑस्ट्रेलिया: मेलबर्न से ब्रिसबेन तक माता रानी की धूम
ऑस्ट्रेलिया में नवरात्रि का जश्न दिन-रात नहीं थमता। सिडनी, मेलबर्न और ब्रिसबेन जैसे शहरों में दुर्गा पूजा और गरबा दोनों ही बड़े पैमाने पर मनाए जाते हैं। यहां भारतीय समुदाय ने नवरात्रि को एक सांस्कृतिक धरोहर के रूप में सहेज रखा है।
5. दक्षिण अफ्रीका: डरबन में मां दुर्गा की झांकियां
दक्षिण अफ्रीका खासकर डरबन और जोहांसबर्ग में नवरात्रि की तैयारियां हफ्तों पहले शुरू हो जाती हैं। झांकियां, भजन-कीर्तन और अनुष्ठान इतने मनोहर होते हैं कि देखने वाला हर कोई भारतीय संस्कृति का कायल हो जाता है।
6. मलेशिया: मंदिरों में गूंजते जयकारे
कुआलालंपुर और पेनांग जैसे शहरों में बसे भारतीयों के लिए नवरात्रि एक धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव है। यहां मंदिरों में कलश स्थापना, विशेष पूजन और गरबा नाइट्स का आयोजन होता है, जो देखने लायक होता है। अगर आप यात्रा के शौकीन हैं और नवरात्रि का जश्न एक अलग अंदाज़ में देखना चाहते हैं, तो इन देशों की सैर जरूर करें। यकीन मानिए, भारत से दूर भी भारत की आत्मा आपको हर रंग में नजर आएगी।





