नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । नवंबर में यात्रा का प्लान कर रहे हैं तो झीलों का शहर उदयपुर आपके लिए परफेक्ट है। ट्रेवल ट्रायंगल की रिपोर्ट में इसे देश के सबसे रोमांटिक स्पॉट्स में शामिल किया गया है। यहां की शानदार झीलें, ऐतिहासिक महल और सुरम्य नज़ारे हर जोड़े को मंत्रमुग्ध कर देंगे।
उदयपुर का सुहाना मौसम, झीलों की मनमोहक खूबसूरती और शाही महलों का आकर्षण इसे सर्दियों में यात्रा के लिए सबसे बेहतरीन विकल्प बनाते हैं।
उदयपुर देश का रोमांटिक टूरिज्म हॉटस्पॉट
अगर आप नवंबर में ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो इस बार झीलों के शहर उदयपुर का रुख करें। देश के लोकप्रिय ट्रेवल पोर्टल ‘ट्रेवल ट्रायंगल’ ने 33 बेहतरीन भारतीय शहरों की सूची जारी की है, जिसमें उदयपुर को रोमांचक और रोमांटिक अनुभवों के लिए 15वां स्थान मिला है।
खास बात यह है कि राजस्थान से सबसे ज्यादा 6 शहरों को इस सूची में शामिल किया गया है, जो स्पष्ट करता है कि सर्दियों में राजस्थान देश का प्रमुख विंटर टूरिज्म डेस्टिनेशन बना हुआ है।
ट्रेवल ट्रायंगल की रिपोर्ट में उदयपुर को “पूर्व का वेनिस” (Venice of the East) कहा गया है और इसे नवंबर में घूमने के लिए देश के सबसे रोमांटिक स्थलों में गिना गया है।
भारत का टॉप हनीमून डेस्टिनेशन
उदयपुर का सुहाना मौसम, झीलों का शांत पानी और ऐतिहासिक महलों की भव्यता यहां के अनुभव को और भी रोमांटिक बना देती है। यही वजह है कि इसे भारत का सबसे बेहतरीन हनीमून डेस्टिनेशन माना जाता है।
नवंबर का महीना घूमने और रिलैक्स का सही समय
पोर्टल के अनुसार, नवंबर में उदयपुर का मौसम न तो बहुत ठंडा होता है और न ही गर्म। इस समय शहर का नजारा अपने पूरे शबाब पर होता है। झीलों में पानी भरा रहता है, हरियाली नजर आती है और कई सांस्कृतिक आयोजन भी चलते हैं। यही वजह है कि इसे घूमने और रिलैक्स करने के लिए सबसे उपयुक्त समय माना गया है।
राजस्था के ये है बेस्ट डेस्टिनेशन
राजस्थान से उदयपुर के अलावा बूंदी, पुष्कर, जैसलमेर, अलवर और भरतपुर को भी इस सूची में शामिल किया गया है। नवंबर में यहां पर्यटकों की भीड़ बढ़ जाती है, क्योंकि शिल्पग्राम उत्सव, कुंभलगढ़ फेस्टिवल और पुष्कर फेयर जैसे बड़े आयोजन देश-विदेश के सैलानियों को आकर्षित करते हैं।
उदयपुर में सिटी पैलेस
उदयपुर में सिटी पैलेस, पिछोला झील, जग मंदिर, मानसून पैलेस, जगदीश मंदिर, सहेलियों की बाड़ी, गुलाब बाग और बायो पार्क पर्यटकों की प्रमुख आकर्षण हैं। यहां झीलों में बोटिंग, हैंडीक्राफ्ट मार्केट में खरीदारी और लोकल राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद लेना हर सैलानी के अनुभव का खास हिस्सा बन जाता है।
हर गली में राजस्थानी संस्कृति की झलक
पोर्टल के अनुसार, उदयपुर ऐसा शहर है जहां हर गली में राजस्थानी संस्कृति की झलक मिलती है। इसकी आतिथ्य परंपरा, शाही महल और प्राकृतिक सौंदर्य इसे देश के सबसे खूबसूरत और आकर्षक टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल करते हैं।





