नई दिल्ली रफ्तार डेस्क – IPL 2025 की शुरुआत होने को है लिहाजा 31 अक्टूबर की आखिरी तारीख से पहले सभी फ्रेंचाइजी ने रिटेंशन लिस्ट (IPL Retention List) जारी कर दी। इस लिस्ट में कुछ ऐसे नाम सामने आए जिन्होंने सभी क्रिकेट फैंस को आश्चर्यचकित छोड़ दिया। फाफ डू प्लेसी, ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर जैसे बड़े नाम शामिल हैं जिन्होंने रिलीज होकर अपने फैंस को तगड़ा झटका दे दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स श्रेयस अय्यर के अलग होने पर फ्रेंचाइजी के सीईओ का बयान सामने आया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स नहीं चाहती थी श्रेयस अय्यर को रिलीज करना
कोलकाता नाइट राइडर्स के सीईओ वेंकी मैसूर ने एक इंटरव्यू के दौरान ऐसी बात बोल दी जिसे लेकर चर्चा जोरों पर है। दरअसल, मीडिया इंटरेक्शन के दौरान वेंकी मैसूर ने बताया कि फ्रेंचाइजी श्रेयस अय्यर को रिटेंशन लिस्ट में टॉप पर रखना चाहती थी, लेकिन कभी-कभी फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी के बीच म्युचुअल अंडरस्टैंडिंग नहीं बन पाती जिसके कारण खिलाड़ी को रिलीज करना पड़ता है। जबकि कभी-कभी खिलाड़ी ऑक्शन (IPL Mega Auction) में इसलिए भी उतरना चाहते हैं कि वह अपनी वैल्यू को परखना चाहते हैं।
साल 2022 में KKR के साथ जुड़े थे अय्यर
श्रेयस अय्यर कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ साल 2022 में जुड़े थे जब फ्रेंचाइजी ने उन्हें 12.25 करोड रुपए की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि 2023 सीजन में वह चोट लगने के कारण कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल नहीं पाए थे। इसके बाद साल 2024 में उनके कप्तान के तौर पर वापसी हुई और टीम को विजेता बनाया। स्वाभाविक है श्रेयस अय्यर के न होने से आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स किसी नए कप्तान के साथ मैदान पर उतरेगी।





