नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए लगभग 2 महीने का समय बाकी रह गया है लेकिन हैरानी इस बात की है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस पूरे आयोजन की मेजबानी पाकिस्तान करेगा या हाइब्रिड मॉडल पर खेला जाएगा। हालांकि ICC की ओर से दिए गए प्रस्ताव में यह साफ कर दिया है कि हाइब्रिड मॉडल ही एकमात्र विक्लप है। इस बीच पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशीद लतीफ का ऐसा गैरजरूरी बयान सामने आया है जो इस पूरे विवाद को सुलझाने की जगह और उलझा देगा।
पूर्व कप्तान राशीद लतीफ का गैरजिम्मेदाराना बयान
चैंपियंस ट्रॉफी के विवाद के बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान का विवादित बयान सामने आया है। राशीद लतीफ एक कार्यक्रम में पहुंचे जहां उन्होंने कहा कि अगर मेजबानी के अधिकार पाकिस्तान के नहीं दिए जाते तो पाकिस्तान को Champions Trophy 2025 का बहिष्कार कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा पाकिस्तान को हर बार बलि का बकरा बनाया जाता है। इस बार समय रहते BCCI के किसी नए कदम उठाने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को यह कदम उठा लेना चाहिए।
PCB और ICC के बीच कई दौर की बैठक बेनतीजा
पाकिस्तान की ओर से हाइब्रिड मॉडल को स्वीकार तो कर लिया गया था लेकिन साथ ही एक शर्त भी रख दी थी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से शर्त रखी गई कि अगर भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं आएगी तो पाकिस्तान भी किसी भी ICC टूर्नामेंट के लिए भारत नहीं जाएगा। पाकिस्तान के इस प्रस्ताव को BCCI ने यह कहकर खारिज कर दिया कि भारत में सुरक्षा को लेकर कोई भी चिंता की बात नहीं है। इस मुद्दे अबतक आईसीसी और पीसीबी के बीच कई दौर की बैठक हो चुकी है लेकिन पुख्ता समाधान अभी तक नहीं निकला है।





