नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली में बदमाश बेखौफ होकर अपराध की घटनाओं को अंजाम देने में लगे हुए हैं। आए दिन गोलीबारी और लूट की घटनाएं मीडिया के माध्यम से सामने आती रहती हैं। अब एक नया मामला दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के अंतगर्त आने वाले त्रिलोकपुरी के ब्लॉक 13 से सामने आया है। यहां त्रिलोकपुरी के ब्लॉक 13 के पास एक पार्क में 11 दिसंबर 2024 की रात 12:30 बजे अपने दोस्तों के साथ बैठे व्यक्ति पर बदमाशों ने अचानक से गोलियां बरसा दी। पीड़ित व्यक्ति अपने दोस्तों के साथ पार्क में बैठकर अलाव ताप रहा था। इस दौरान वहां अचानक से आए बदमाशों ने उस व्यक्ति को गोली मार दी।
रवि का मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित व्यक्ति का नाम रवि है। उसको पांच गोली लगी है, जिसके कारण वह बेसुध हो गया था। रवि को तुरंत पास के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसको तुरंत पटपड़गंज मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। रवि का पटपड़गंज मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह मामला हत्या की कोशिश का लग रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और अपनी जांच शुरू कर दी है।
रवि को बॉडी बिल्डिंग का बहुत ही ज्यादा शौक है
दिल्ली पुलिस त्रिलोकपुरी के ब्लाक 13 के पार्क के आसपास सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है। जिससे बदमाशों की पहचान की जा सके। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, घायल युवक रवि देश की राजधानी दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला है। रवि को बॉडी बिल्डिंग का बहुत ही ज्यादा शौक है। वह बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में कई अवार्ड्स को भी जीत चुका है।
“दिल्ली के अपराधियों में अब कानून व्यवस्था का कोई डर नहीं बचा”
अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “एक और सुबह दिल दहला देने वाली खबर के साथ। सरेआम गोलियाँ चल रही हैं। दिल्ली के अपराधियों में अब कानून व्यवस्था का कोई डर नहीं बचा।”





