नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तरप्रदेश में समाजवादी पार्टी ने अपने विधायकों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। समाजवादी पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए तीन विधायकों को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। बाहर किए गए विधायकों में गोशाईगंज से विधायक अभय सिंह, गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह और ऊंचाहार से विधायक मनोज कुमार पांडेय शामिल हैं।
पार्टी ने इन विधायकों पर सांप्रदायिक और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसान विरोधी, महिला विरोधी, युवा विरोधी और व्यापार विरोधी नीतियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। इस बारे में जानकारी समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैडल पर दी है। और इस कार्रवाई की जानकारी साझा की है।
सपा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की साझा
समाजवादी पार्टी ने अपनी पोस्ट में लिखा- “समाजवादी सौहार्दपूर्ण सकारात्मक विचारधारा की राजनीति के विपरीत साम्प्रदायिक विभाजनकारी, किसान, महिला, युवा, कारोबारी, और ‘पीडीए विरोधी’ विचारधारा का साथ देने के कारण, समाजवादी पार्टी जनहित में इन विधायकों को पार्टी से निष्कासित करती है।” पार्टी ने आगे कहा कि इन लोगों को हृदय परिवर्तन के लिए दी गयी ‘अनुग्रह-अवधि’ की समय-सीमा अब समाप्त हो चुकी है, शेष की समय-सीमा अच्छे व्यवहार के कारण शेष है।
‘सुधरने का मौका दिया था लेकिन…’
समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी मूल विचारधारा और सिद्धांतों के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी ने यह भी कहा है कि वह पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी सदस्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्टी से निकाले गए विधायकों को सुधरने का मौका दिया गया था, लेकिन वे ऐसा करने में विफल रहे।
समाजवादी पार्टी के मुताबिक, इन विधायकों को निष्कासित करने का पार्टी का फैसला पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों को कायम रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पार्टी का लक्ष्य अपने समर्थकों और आम जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा बनाए रखना है।




