नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। राहुल गांधी गुजरात के विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी मोड में आ गए हैं। इन दिनों राहुल गांधी 2 दिन से गुजरात दौरे पर हैं। आज उन्होंने अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने उन कारणों को उजागर किया कि जिसकी वजह से गुजरात में कांग्रेस सरकार बनाने में नाकामयाब रही है। राहुल गांधी ने गुजरात कांग्रेस को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जो कार्यकर्ता बीजेपी के लिए काम कर रहें हैं उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। राहुल गांधी ने कहा गुजरात की जनता विकल्प चाहती है न कि बीजेपी की बी टीम।
20-30 लोगों के निकालना हो तो निकालें- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात कांग्रेस में दो तरह के लोग हैं। एक वो हैं जो पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध हैं जबकि दूसरे गुट के लोग बीजेपी से मिले हुए हैं। राहुल गांधी ने अपने ही कार्यकर्तओं को पार्टी से निकालने के लिए कह दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस को कमजोर कर रहे हैं ऐसे 20-30 लोगों के पार्टी से निकाला जाए। ऐसे लोग कांग्रेस के नाम पर तो काम कर रहे हैं लेकिन जनता का सम्मान करने में विफल हो रहे हैं।
‘गुजरात की जनता विकल्प चाहती है’
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि गुजरात की जनता विकल्प चाहती है न कि बी टीम। बी टीम वालों को बाहर का रास्ता दिखाया जाना जरूरी है। हमारे पास बब्बर शेर हैं मगर सब पीछे से बंधे हुए हैं। सबके पीछे चेन लगी हुई है। जब तक हम जिमेदारी पूरी नहीं करेंगे, गुजरात की जनता हमें चुनाव नहीं जिताएगी। हमें सच में गुजरात की जनता से सरकार मांगना ही नहीं चाहिए। जिस दिन हमने जिम्मेदारी पूरी की, उसी दिन गुजरात के लोग कांग्रेस को समर्थन देंगे।




