नई दिलली,रफ्तार डेस्क। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बुधवार को जब वह दिल्ली जाने के लिए पटना एयरपोर्ट की ओर रवाना हो रहे थे, तभी उनका ब्लड प्रेशर अचानक कम हो गया। स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के लिए दिल्ली जाना था, लेकिन अस्पताल में हुए भर्ती
लालू यादव को पहले से ही बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की योजना थी। उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव भी उनके साथ दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन रास्ते में तबीयत ज्यादा खराब हो गई। आनन-फानन में एयरपोर्ट जाने के बजाय उन्हें पारस अस्पताल ले जाया गया। तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी भी अस्पताल पहुंच गए हैं और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लालू यादव की सेहत पहले से ही नाजुक बनी हुई है। 2022 में उनका सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसमें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें किडनी दान की थी। इसके बाद, 2024 में मुंबई में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी, जिसमें स्टेंट लगाया गया था। इससे पहले 2014 में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी भी हो चुकी है। उम्र बढ़ने के साथ उनकी सेहत से जुड़ी परेशानियां बढ़ रही हैं।
समर्थक कर रहे हैं दुआएं
लालू यादव के स्वास्थ्य को लेकर उनके समर्थक और पार्टी के नेता काफी चिंतित हैं। वे उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति की निगरानी कर रही है और उन्हें जल्द ही दिल्ली ले जाने की योजना बना रही है। फिलहाल, उनका इलाज पटना के पारस अस्पताल में जारी है।





