नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत ऐसा अनोखा देश है, जहां जन्म से लेकर मृत्यु तक के हर पड़ाव को उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा रही है। यहां की संस्कृति और परंपराएं सदियों से पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती आ रही हैं। भारतीय लोग अपने त्योहारों से गहराई से भावनात्मक रूप से जुड़े होते हैं, इसलिए हर छोटा-बड़ा पर्व उल्लास और भक्ति के साथ मनाया जाता है। इन्हीं पावन त्योहारों में से एक है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, जो न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाई जाती है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन उनके भक्त रातभर जागरण कर, भजन-कीर्तन के साथ उनके जन्म का उत्सव उल्लासपूर्वक मनाते हैं। भगवान कृष्ण की लीलाएं, उनका बालरूप और उनके जीवन के दर्शन संपूर्ण विश्व में प्रसिद्ध हैं। उन्हें भगवान विष्णु का आठवां अवतार माना जाता है। इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज 16 अगस्त 2025 को मनाई जा रही है। इस शुभ अवसर पर हम जानेंगे उन लोकप्रिय फिल्मों के बारे में जो भगवान कृष्ण के जीवन, लीलाओं और दर्शन पर आधारित हैं। जिन्हें देखकर आप इस दिन को खास बना सकते हैं।
श्री कृष्ण जन्म
पौराणिक कथाएं हमेशा से भारतीय सिनेमा का प्रिय विषय रही हैं, क्योंकि लोग इनसे गहरे भावनात्मक रूप से जुड़े होते हैं। इसी जुड़ाव के कारण हिंदी सिनेमा में भगवान कृष्ण पर कई फिल्में बनाई गईं। इस विषय पर फिल्म निर्माण की शुरुआत भारतीय सिनेमा के जनक दादा साहेब फाल्के के दौर से हुई थी। उन्होंने 1918 में एक साइलेंट फिल्म का निर्देशन किया, जिसका नाम था ‘श्री कृष्ण जन्म’। हालांकि अब इस फिल्म का केवल अंतिम एपिसोड ही उपलब्ध है। खास बात यह है कि इस फिल्म में दादा साहेब फाल्के की बेटी मंदाकिनी ने बाल कृष्ण की भूमिका निभाई थी।
कृष्ण अर्जुन युद्ध
इसके बाद 1934 में ‘कृष्ण अर्जुन युद्ध’, 1947 में ‘कृष्ण-सुदामा’, और 1949 में ‘कृष्ण-रुक्मिणी’ जैसी फिल्में सामने आईं। तब से लेकर आज तक यह सिलसिला जारी है। भगवान श्रीकृष्ण या उनसे प्रेरित कहानियों पर आधारित फिल्मों का निर्माण लगातार होता रहा है, जो दर्शकों को आज भी उतना ही भावनात्मक रूप से जोड़ता है जितना पहले।
कृष्ण सुदामा
साल 1933 में निर्देशक जयंत देसाई की फिल्म ‘कृष्ण सुदामा’ दर्शकों के सामने आई। यह फिल्म भगवान कृष्ण और सुदामा की अनोखी और गहरी मित्रता को केंद्र में रखकर बनाई गई थी। फिल्म में केकी अदजानिया, राम आप्टे और एम. भगवानदास ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं और अपनी सादगी व भावनात्मकता से दर्शकों का दिल जीत लिया।
श्री कृष्ण लीला
1971 में रिलीज हुई फिल्म ‘श्री कृष्ण लीला’ भगवान कृष्ण की अद्भुत लीलाओं पर आधारित थी। फिल्म में विशेष रूप से कंस द्वारा भेजे गए राक्षसों से कृष्ण के संघर्ष और उनके विनाश को दर्शाया गया है। यह फिल्म भगवान कृष्ण के शौर्य और धर्म की रक्षा के संकल्प को प्रभावशाली ढंग से चित्रित करती है।
श्री कृष्णार्जुन युद्ध
1971 में रिलीज हुई ‘श्री कृष्णार्जुन युद्ध’ भगवान कृष्ण पर आधारित एक रोचक फिल्म थी, जिसमें अर्जुन और हनुमान जी के बीच हुए युद्ध को प्रमुखता से दिखाया गया है। इस फिल्म का निर्देशन बाबूभाई मिस्त्री ने किया था, जो पौराणिक विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए प्रसिद्ध थे।





