नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और NCP नेता बाबा सिद्दीकी ने मुस्लिम समुदाय को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा है कि अब तक की सभी पार्टियों ने मुस्लिम समुदाय को एक कढ़ी पत्ते की तरह इस्तेमाल किया है। इन पार्टियों ने कभी भी मुस्लिम समुदाय को सत्ता की हिस्सादारी नहीं दी है। बाबा सिद्दीकी ने कहा है कि हम लोगों की मांग है कि महाराष्ट्र में होने वालेविधानसभा चुनाव में मुस्लिमों को भी सत्ता में 1 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
वक्फ बोर्ड बिल का पूरी तरह से विरोध होना चाहिए था
बाबा सिद्दीकी ने यह बयान बीड शहर में आयोजित अल्पसंख्यक बैठक के अवसर पर मीडिया को दिया, उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान विपक्ष की जमकर आलोचना की। बाबा सिद्दीकी ने कहा कि केंद्र सरकार ने वक्फ बोर्ड बिल संसद में पेश किया था तो महाराष्ट्र में विपक्ष पार्टी के 9 सांसदों ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उन 9 सांसदों के विरोध पर भी कोई ध्यान नहीं दिया। बाबा सिद्दीकी ने कहा कि वक्फ बोर्ड बिल का पूरी तरह से विरोध होना चाहिए था।
यह महाराष्ट्र की संकृति तो बिल्कुल भी नहीं है
बाबा सिद्दीकी ने भारतीय जनता पार्टी के नेता नितेश राणे पर भी निशाना साधा है, उन्होंने कहा है कि नितेश राणे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को खुश करने के लिए मुस्लिम समुदाय पर इस तरह का बयान दे रहे हैं। यह महाराष्ट्र की संकृति तो बिल्कुल भी नहीं है।
जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि बाबा सिद्दीकी लोकसभा चुनाव 2024 से पहले ही अजीत पवार की गुट वाली एनसीपी में शामिल हो गए थे। जिस समय उन्होंने अजीत पवार गुट वाली एनसीपी की सदस्यता ली थी तो खुद उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल आदि ने उनका जोरदार स्वागत किया था। पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने कांग्रेस का दामन छोड़कर ही अजीत पवार गुट वाली एनसीपी की सदस्यता ली थी। बाबा सिद्दीकी को मुंबई का बड़ा अल्पसंख्यक चेहरा माना जाता है। बाबा सिद्दीकी वर्ष 1999 से वर्ष 2009 तक लगातार 3 बार विधायक चुने गए थे। बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र के खाद्य और नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री का पदभार भी संभाल चुके हैं। इससे पहले वह निगम पार्षद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।




