नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में VIP एंट्री विवाद गहराता जा रहा है। श्रावण मेला के दौरान गर्भगृह में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के आरोप में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, यह घटना 2 अगस्त की रात करीब 8:45 से 9 बजे के बीच हुई। श्रावण मेला चलने के कारण इस दौरान मंदिर में VIP और VVIP प्रवेश पर पाबंदी थी। इसके बावजूद सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी, कनिष्ककांत दुबे, शेषाद्रि दुबे और अन्य लोग गर्भगृह में पहुंच गए।
भीड़ में अफरा-तफरी का आरोप
पुजारी कार्तिक नाथ ठाकुर ने शिकायत दी कि सांसदों के प्रवेश को रोकने की कोशिश में पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई हुई। इससे वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आरोप है कि यह घटना ‘कांचा जल पूजा’ अनुष्ठान के दौरान हुई, जिससे पूजा बाधित हो गई।
दर्ज हुए ये आरोप
बाबा बैद्यनाथ मंदिर थाने में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपों में धार्मिक भावनाएं आहत करना, धार्मिक परंपरा में बाधा डालना, सरकारी कार्य में बाधा और पुलिसकर्मियों से हाथापाई शामिल हैं। एफआईआर 7 अगस्त को दर्ज की गई।
निशिकांत दुबे की प्रतिक्रिया
सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पूजा करने के कारण यह मामला है, अभी तक 51 मामले मेरे ऊपर दर्ज हैं। कल देवघर एयरपोर्ट से सीधे थाने जाकर गिरफ्तारी दूंगा। श्रावण मास में लाखों कांवड़िये बिहार के सुल्तानगंज से गंगाजल लाकर लगभग 105 किलोमीटर पैदल चलकर बाबा बैद्यनाथ धाम में जल अर्पित करते हैं। इस बार मेला एक महीने तक चल रहा है और अब तक करीब 55 लाख श्रद्धालु जल चढ़ा चुके हैं। भारी भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।





