नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर (POK) के लोग भारत के अपने लोग हैं और वे एक दिन अपनी स्वेच्छा से भारत की मुख्यधारा में लौटेंगे। उन्होंने कहा कि पीओके के अधिकतर लोग भारत से गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं, बस कुछ ही लोग हैं जिन्हें गुमराह किया गया है।
हम और भी कुछ कर सकते थे, लेकिन संयम जरूरी था – ऑपरेशन सिंदूर पर रक्षा मंत्री
राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने इस सैन्य कार्रवाई में आतंकी ठिकानों के साथ दुश्मन के सैन्य और हवाई अड्डों को नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा, “हम और भी कुछ कर सकते थे, लेकिन शक्ति के साथ संयम भी ज़रूरी होता है।” भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि कैसे साहस और संयम साथ-साथ चल सकते हैं।
देश में बने हथियारों ने दिखाई ताकत, मेक इन इंडिया की बड़ी सफलता
रक्षा मंत्री ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत के स्वदेशी हथियार और सिस्टम इस्तेमाल हुए, जिन्होंने दुश्मन के किसी भी कवच को भेदने की क्षमता दिखाई। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन मेक इन इंडिया की सफलता का एक बेहतरीन उदाहरण है।
AMCA प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी, 5 प्रोटोटाइप तैयार होंगे
राजनाथ सिंह ने बताया कि भारत ने अब एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। यह भारत में ही बनने वाला पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान होगा। इस प्रोजेक्ट के तहत पहले 5 प्रोटोटाइप तैयार किए जाएंगे, फिर बड़े पैमाने पर उत्पादन होगा। इसमें निजी क्षेत्र की भी भागीदारी होगी।
रक्षा क्षेत्र में भारत की जबरदस्त प्रगति, निर्यात 23,500 करोड़ के पार
रक्षा मंत्री ने बताया कि भारत अब केवल मिसाइल या फाइटर जेट नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर डिफेंस और स्पेस सिक्योरिटी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने गर्व से बताया कि भारत का रक्षा निर्यात अब बढ़कर 23,500 करोड़ रुपये हो गया है और भारत अब 100 से ज्यादा देशों को हथियार, सिस्टम और सर्विसेज निर्यात कर रहा है।
निजी कंपनियों की भूमिका बढ़ी, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम
भारत में अब रक्षा उत्पादन 1.46 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जिसमें 32,000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान निजी कंपनियों का है। राजनाथ सिंह ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक साहसिक और निर्णायक कदम बताया।





