नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारतीय सेना के सम्मान में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से ‘तिरंगा शौर्य यात्रा’ की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस यात्रा का नेतृत्व किया और खुद हजारों लोगों के साथ पैदल चले। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने आतंकवाद और उसके समर्थकों को करारा जवाब दिया है।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर गर्व
सीएम योगी ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर जो हमला हुआ, उसकी पूरी दुनिया ने निंदा की। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों द्वारा किए गए इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया, जिसमें पहले ही दिन 100 से ज्यादा आतंकवादी और उनके मददगार मारे गए। उन्होंने कहा कि, “हम किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन अगर कोई भारत को छेड़ेगा तो हम छोड़ते भी नहीं। भारत की सेना ने यह बात दुनिया को साफ बता दी है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की सेना के पराक्रम को पूरी दुनिया ने देखा और उसका लोहा माना। जब भारत एकजुट होता है तो कोई ताकत उसका मुकाबला नहीं कर सकती। यह तिरंगा शौर्य यात्रा देश की सेना, उसकी बहादुरी और हमारे राष्ट्रभक्ति के प्रतीक के रूप में आयोजित की गई है।
2,000 फीट लंबा तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र
इस यात्रा में 2,000 फीट लंबा तिरंगा लहराया गया, जिसे लेकर स्कूली बच्चे, छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्गों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री योगी ने यात्रा में बच्चों का अभिवादन स्वीकार किया और लोगों का उत्साहवर्धन किया। लखनऊ की सड़कों पर देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। सीएम योगी ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दुनिया ने पाकिस्तान की बेशर्मी देखी है, जहां आतंकियों के जनाजे में उनकी सेना और नेता शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा आतंक को पनाह दी है और एक दिन यही आतंक उसे खत्म कर देगा।
बीजेपी देगी ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी घर-घर
भाजपा ने तिरंगा शौर्य यात्रा के साथ यह भी ऐलान किया है कि वह घर-घर जाकर ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी लोगों को देगी और बताएगी कि भारतीय सेना ने कैसे आतंक को मुंहतोड़ जवाब दिया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, राज्य सरकार के वित्त मंत्री समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





