नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। सोमवार 10 मार्च 2025 को एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म x का सर्वर कई बार डाउन हो गया। इस दौरान कभी X की सेवाएं बहाल होती रहीं तो कभी पूरी तरह ठप हो गईं। मस्क ने दावा किया कि यूक्रेन से साइबर अटैक किया गया, जिसके कारण X का सिस्टम प्रभावित हुआ।
फॉक्स न्यूज पर एलन मस्क का बड़ा बयान
फॉक्स न्यूज से बातचीत में एलन मस्क ने कहा, “हमें ठीक से नहीं पता कि क्या हुआ, लेकिन X को डाउन करने के लिए यूक्रेन के क्षेत्र से कुछ आईपी एड्रेस का इस्तेमाल कर साइबर अटैक किया गया था।” जब उनसे पूछा गया कि अब X का स्टेटस क्या है, तो उन्होंने बताया कि प्लेटफॉर्म अब पूरी तरह ठीक है। इससे पहले, एलन मस्क ने X पर पोस्ट कर इस हमले को लेकर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने लिखा, “X पर साइबर अटैक हुआ है। रोजाना हमले होते हैं, लेकिन इस बार बड़े पैमाने पर हम पर निशाना साधा गया। यह किसी खतरनाक ग्रुप का काम हो सकता है या फिर इसमें कोई देश भी शामिल हो सकता है। फिलहाल जांच जारी है।
स्टारलिंक पर भी भड़के थे मस्क
एलन मस्क ने हाल ही में यूक्रेन में अपने स्टारलिंक नेटवर्क को लेकर कहा था कि “इसके बिना यूक्रेन की फ्रंटलाइन ध्वस्त हो जाएगी।” हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वह स्टारलिंक को बंद नहीं करेंगे। इसके अलावा, व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपनी बहस को लेकर भी मस्क ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर हमला बोला था। रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर एलन मस्क पहले भी कई बार जेलेंस्की की आलोचना कर चुके हैं। मस्क ने आरोप लगाया कि “जेलेंस्की को पता है कि वह चुनाव हार जाएंगे, इसलिए उन्होंने इसे रद्द कर दिया। यूक्रेनी लोग अब उनसे नफरत करते हैं।” मस्क ने बिना सबूत के यह भी दावा किया कि जेलेंस्की एक बड़ी भ्रष्टाचार मशीन चला रहे हैं और यूक्रेनी सैनिकों की मौत से पैसे कमा रहे हैं।
वोग मैगजीन की कवर फोटो को लेकर तंज
एलन मस्क ने 2022 में वोग मैगजीन के कवर पर छपी जेलेंस्की और उनकी पत्नी की तस्वीर शेयर कर उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जब बच्चे युद्ध में खाइयों में मर रहे थे, तब ये फोटोशूट हो रहा था। X पर हुए साइबर अटैक को लेकर अब तक यूक्रेन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मस्क के दावों ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है।




