नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की फिल्म ‘रेड 2’ का ट्रेलर आज मंगलवार को जारी कर दिया गया है। इस फिल्म से अजय देवगन एक बार फिर अमय पटनाकर के किरदार में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले अजय देवगन ने ‘रेड’ में ईमानदार आईआरएस अधिकारी की भूमिका निभाई थी, अब इसका सीक्वल ‘रेड 2’ सिनेमा घरों में रिलीज़ के लिए तैयार है। इस फिल्म में भी तमन्ना भाटिया का जबरदस्त आइटम सॉन्ग होने वाला है। वहीं, इस बार रितेश देशमुख भी स्टार कास्ट में शामिल हो गए हैं, जो खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे।
‘रेड 2’ 1 मई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
बताया गया है कि ‘रेड 2’ की कहानी इसके पहले भाग जैसी ही होगी। सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर ये फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आज फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे सोशल मीडिया पर लोग काफी पसंद कर रहे हैं। ट्रेलर की बात करें तो इस बार अजय देवगन के सामने रितेश देशमुख विलन की भूमिका में नजर आ रहे हैं। अजय देवगन अमय पटनायक का रोल निभा रहे हैं, जबकि रितेश देशमुख भ्रष्ट राजनेता दादा मनोहर भाई की भूमिका में हैं। अमय पटनायक, दादा मनोहर भाई के घर पर रेड डालते दिख रहे हैं। ट्रेलर में दोनों के बीच जबरदस्त झड़प देखने को मिल रही है।
स्टार कास्ट
फिल्म में वाणी कपूर, रजत कपूर, सौरभ शुक्ला, सुप्रिया पाठक और अमित सियाल भी हैं। पहले भाग में इलियाना डिक्रूज़ और सौरभ शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। 1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर बनी ‘रेड’ 1980 के दशक में भारतीय राजस्व सेवा कार्यालय के तहत आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा की गई वास्तविक आयकर छापेमारी पर आधारित थी।
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे अजय देवगन
रेड के अलावा अजय देवगन रकुल प्रीत के साथ ‘दे दे प्यार दे 2’ में नज़र आएंगे। अजय एक निर्देशक के रूप में भी वापसी करेंगे और अक्षय कुमार के साथ काम करेंगे। इससे पहले एक मीडिया समिट में बोलते हुए अजय ने अक्षय कुमार के साथ एक नई फिल्म की घोषणा की और कहा, “यह कुछ ऐसा है जिसकी घोषणा हम बाद में करने वाले थे लेकिन मुझे लगता है कि यह एक बेहतरीन मंच है। हम पहले से ही एक साथ कुछ पर काम कर रहे हैं जहाँ मैं फिल्म का निर्देशन कर रहा हूँ और वह फिल्म में हैं।” वहीं, अजय देवगन ने मृणाल ठाकुर के साथ ‘सन ऑफ़ सरदार 2’ की शूटिंग भी शुरू कर दी है। उन्हें आखिरी बार सिंघम अगेन में देखा गया था।





