नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। फिल्मों और टीवी जगत में कई नए चेहरों को मौका देने के लिए मशहूर वेटरन एक्टर असरानी ने अपने लंबे करियर में कई कलाकारों को राह दिखाई है। उनकी इस लिस्ट में ‘बिग बॉस 19’ की कंटेस्टेंट रह चुकी एक्ट्रेस कुनिका का नाम भी शामिल है। कुनिका ने खुद खुलासा किया था कि उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म मिलने के पीछे असरानी और उनकी पत्नी मंजू असरानी का अहम योगदान था।
कुनिका अपने करियर में असरानी के मार्गदर्शन को बेहद महत्वपूर्ण मानती हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि कैसे महज एक हवाई यात्रा ने उनकी किस्मत बदल दी और उन्हें रिसेप्शनिस्ट बनने के बजाय एक्ट्रेस बना दिया।
फ्लाइट में मिलीं, बदल गई जिंदगी
कुनिका ने सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में बताया था कि वह मुंबई एक रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करने आ रही थीं। फ्लाइट में सफर के दौरान उनकी मुलाकात एक्टर असरानी से हुई। कुनिका ने हिम्मत करके उनसे मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान असरानी ने उनसे सीधा सवाल किया, “तुम एक्ट्रेस क्यों नहीं बन जाती?” कुनिका के लिए यह एक आश्चर्यजनक मौका था। इसके बाद असरानी ने उन्हें अपना नंबर दिया और अगले ही दिन कुनिका उनकी पत्नी मंजू असरानी से मिलीं। मंजू असरानी भी नए टैलेंट को मौका देने के लिए जानी जाती थीं।
‘पांच पापी’ से हुई फिल्मी करियर की शुरुआत
असरानी और उनकी पत्नी ने कुनिका को फिल्म इंडस्ट्री के दरवाज़े तक पहुँचाया। उन्होंने कुनिका को विमल रॉय के ऑफिस ले जाया, जहां कई लुक टेस्ट हुए। आखिरकार, कुनिका को ‘पांच पापी’ नाम की फिल्म मिल गई। इस तरह, असरानी और उनकी पत्नी मंजू के प्रयास से एक रिसेप्शनिस्ट बनने आई लड़की बॉलीवुड की दुनिया का हिस्सा बन गई।
कुनिका ने विलेन के रोल से बनाई पहचान
असरानी के दिए पहले मौके के बाद कुनिका ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने फिल्मों और टीवी सीरियल्स में मुख्य रूप से नकारात्मक किरदारों को निभाकर अपनी एक अलग पहचान बनाई। लंबे समय तक इंडस्ट्री में सक्रिय रहने के बाद, वह ‘बिग बॉस’ जैसे रियलिटी शो में भी नज़र आईं और दर्शकों का मनोरंजन किया। कुनिका अक्सर अपने करियर को आकार देने के लिए असरानी परिवार को धन्यवाद देती हैं।





