नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे देश को हिला कर रख दिया। आज हर कोई न्याय की मांग कर रहा है और उन आतंकवादियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलते हुए देखना चाहता है। इस घटना पर अब तक कई लोगों ने अपने-अपने रिएक्शन दिए हैं तो वहीं अब टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने इस पर एक लंबी इमोशनल पोस्ट शेयर की हैं।
हिना खान ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
हिना खान ने इस पोस्ट में लिखा है, ‘शोक संवेदना। अंधकार से भरा दिन आंखें नम है। निंदा करुणा की पुकार। हम अगर हकीकत को स्वीकार नहीं करते हैं तो कुछ भी मायने नहीं रखेगा। जिस तरह से ये हमला हुआ है। निर्दयी और ब्रेनवॉश किए हुए आतंकवादियों ने जिस तरह से खुद के मुसलमान होने का दावा किया है, वो भयावह है। इससे मेरा दिल टूटा है।’
एक्ट्रेस ने मांगी माफी
‘मुस्लिम होने के नाते मैं अपने सभी साथी हिंदुओं और अपने साथी भारतीयों से माफी मांगना चाहती हूं। हमले में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, एक भारतीय के तौर पर दिल टूट गय। एक मुस्लिम के तौर पर दिल टूट गया। पहलगाम में जो हुआ, उसे मैं भूल नहीं सकती। इस घटना का असर मुझ पर और मेरी मानसिक स्थिति पर पड़ा है। यह उन सभी का दर्द है, जिन्होंने अपनों को खो दिया है। यह वह दर्द है, जो हर भारतीय महसूस कर रहा है।मैं उनके लिए प्रार्थना कर रही हूं कि उन्हें ये दुख सहने की शक्ति मिले। मैं उन आत्माओं के लिए प्रार्थना कर रही हूं, जिन्हें हमने खो दिया है।’
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, ‘मैं इस घटना की निंदा करती हूं। मैं इसे अस्वीकार करती हूं और मैं उन लोगों से नफरत करती हूं, जिन्होंने ऐसा किया। पूरे दिल से, बिल्कुल, बिना किसी शर्त के, जिन्होंने ऐसा किया, वे किसी भी धर्म का पालन कर सकते हैं, वे मेरे लिए इंसान नहीं हैं। कुछ मुस्लिमों के कृत्य के लिए मैं शर्मिंदा हूं। मैं अपने साथी भारतीयों से प्रार्थना करती हूं कि वे हम सभी को अलग-थलग न करें। हम सभी जो भारत को अपना घर और अपनी मातृभूमि कहते है। अगर हम एक-दूसरे से लड़ते हैं.हम वही करेंगे जो वे हमसे करवाना चाहते हैं, हमें विभाजित करना, हमें लड़ते रहना और हमें भारतीयों के रूप में ऐसा नहीं होने देना चाहिए।’
हिना खान ने कहा देश के साथ खड़ी हूं…
हिना खान ने लिखा है, ‘मैं एक भारतीय के रूप में अपने राष्ट्र, अपने सुरक्षा बलों के साथ खड़ी हूं। मैं अपने देश का समर्थन करती हूं। एक भारतीय के रूप में मेरा मानना है कि मेरे खूबसूरत देश में सभी धर्म सुरक्षित और समान हैं। मैं बिना शर्त इसका बदला लेने के अपने देश के संकल्प का समर्थन करूंगी।आखिर में यही कहूंगी कि मैं एक भारतीय, एक मुसलमान और एक इंसान के तौर पर न्याय चाहती हूं। हम सभी को एक साथ आना चाहिए और इस कठिन समय में भारत का साथ देना चाहिए। उन्हें वो न दें, जो वो चाहते हैं.. हमें एक व्यक्ति के तौर पर एक साथ आना चाहिए। कोई राजनीति नहीं. कोई विभाजन नहीं कोई नफरत नहीं कोई बात नहीं। हम सबसे पहले भारतीय हैं। जय हिंद।’




