नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय उपभोक्ताओं की विभिन्न वित्तीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बैंक और फाइनेंस कंपनियां विभिन्न प्रकार के लोन उपलब्ध कराती हैं। इनमें होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन के साथ-साथ गोल्ड लोन भी शामिल है। इनमें सबसे प्रचलित गोल्ड लोन है। गोल्ड लोन एक सिक्यॉर्ड लोन होता है, जिसमें आप अपने सोने के आभूषण या गहने गिरवी रखकर लोन प्राप्त करते हैं। इस प्रकार के लोन में राशि सोने की मौजूदा कीमत पर आधारित होती है और इसे आमतौर पर 12 महीने के अंदर चुकाना होता है, जिसमें ब्याज भी जुड़ता है। यदि आप 5 ग्राम सोने पर लोन लेने की सोच रहे हैं, तो हम यहां बताएंगे कि इस पर आपको कितना लोन मिल सकता है।
सोने की कीमत का कितना मिल सकता है लोन?
गोल्ड लोन की राशि आपके सोने की शुद्धता और मात्रा के आधार पर तय की जाती है। आमतौर पर बैंक और फाइनेंस कंपनियां आपके सोने की कुल वैल्यू का 75% तक लोन देती हैं। उदाहरण के लिए यदि आपके पास 1,00,000 रुपये का सोना है, तो आप 75,000 रुपये तक का गोल्ड लोन प्राप्त कर सकते हैं। गोल्ड लोन की ब्याज दरें 8% से शुरू होकर 24% तक जा सकती हैं, जो विभिन्न बैंकों और फाइनेंस कंपनियों पर निर्भर करती हैं। इसके अतिरिक्त बैंक और फाइनेंस कंपनियां इस लोन के लिए प्रोसेसिंग फीस भी वसूलती हैं, जो लोन के कुल मूल्य का एक छोटा सा प्रतिशत हो सकती है।
5 ग्राम सोने पर कितना मिलेगा लोन ?
गोल्ड लोन के तहत मिलने वाली राशि आपके सोने की शुद्धता (कैरेट) और वर्तमान बाजार मूल्य पर निर्भर करती है। यदि आपके पास 5 ग्राम सोना है, तो लोन की राशि इस प्रकार हो सकती है। जैसे- 24 कैरेट के 5 ग्राम सोने पर लगभग 30,350 रुपये तक का लोन मिल सकता है। 22 कैरेट के 5 ग्राम सोने पर लगभग 27,820 रुपये तक का लोन मिल सकता है। 20 कैरेट के 5 ग्राम सोने पर लगभग 25,290 रुपये तक का लोन मिल सकता है। 18 कैरेट के 5 ग्राम सोने पर लगभग 22,760 रुपये तक का लोन मिल सकता है। बता दें कि लोन की यह राशि सोने के मौजूदा बाजार मूल्य और बैंक या फाइनेंस कंपनी की नीतियों पर निर्भर करती है, अतः इसमें थोड़ा-बहुत ऊपर-नीचे हो सकता है।




