नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । गूगल ने करीब एक दशक बाद अपने प्रतिष्ठित ‘G’ लोगो में बड़ा विज़ुअल बदलाव किया है। 2015 के बाद यह पहली बार है जब कंपनी ने अपने लोगो की डिजाइन में इतनी अहम फेरबदल की है। हालांकि नये लोगो में पहले जैसे ही चार रंग नीला, लाल, पीला और हरा है, लेकिन इस बार इन्हें फ्लैट कलर्स की जगह स्मूद ग्रेडिएंट शेड्स के रूप में पेश किया गया है। इस बदलाव में रंग एक-दूसरे में खूबसूरती से मिलते हैं, जिससे लोगो को एक ज्यादा आधुनिक, जीवंत और टेक-फ्रेंडली लुक मिलता है। यह विजुअल अपडेट सिर्फ बदलाव नहीं है, बल्कि यह उसके AI-केंद्रित भविष्य और तकनीकी दृष्टिकोण को भी दर्शाता है।
गूगल के नए ‘G’ लोगो में क्या हुआ बदलाव ?
गूगल के नए लोगो में सबसे बड़ा बदलाव इसके रंगों में हुआ है। पहले जहां ‘G’ लोगो में फ्लैट और स्पष्ट ब्लॉकी रंग इस्तेमाल होते थे, वहीं अब इसे ग्रेडिएंट इफेक्ट के साथ डिजाइन किया गया है। यह नया डिजाइन गूगल की आधुनिक डिजाइन लैंग्वेज को दर्शाता है और स्क्रीन टेक्नोलॉजी, खासकर छोटे साइज वाली डिवाइसेज पर ज्यादा आकर्षक दिखता है। दिलचस्प बात यह है कि यह लोगो गूगल के AI असिस्टेंट Google Gemini के लोगो से मेल खाता है, जिसमें पहले से ही ब्लू से पर्पल तक का ग्रेडिएंट इफेक्ट दिया गया है।
AI विजन के साथ ब्रांडिंग का तालमेल
गूगल का यह नया लोगो महज एक बदलाव नहीं है, बल्कि यह उसके लॉन्गटर्म तकनीकी दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह डिजाइन अपडेट गूगल के उस विजन को दर्शाता है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को उसके हर प्रोडक्ट और सर्विस में गहराई से समाहित किया जा रहा है। नया लोगो गूगल की AI-प्रेरित ब्रांडिंग का हिस्सा है, जो यह संकेत देता है कि कंपनी अब केवल सर्च इंजन तक सीमित नहीं, बल्कि AI-आधारित भविष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
iOS और Pixel यूजर्स के लिए उपलब्ध हुआ नया Google लोगो
गूगल का नया ‘G’ लोगो अब धीरे-धीरे यूजर्स तक पहुंच रहा है। यह नया लोगो फिलहाल iOS डिवाइसेस पर Google Search ऐप में दिखने लगा है, जबकि Android प्लेटफ़ॉर्म पर यह Google ऐप के बीटा वर्जन (v16.18) में नजर आ रहा है। वर्तमान में यह अपडेट मुख्य रूप से Pixel डिवाइसेस और कुछ चुनिंदा iOS यूज़र्स तक ही सीमित है। अन्य प्लेटफ़ॉर्म्स, जैसे- वेब ब्राउजर, नॉन-पिक्सल एंड्रॉयड फोन्स और स्टेबल वर्जन वाले ऐप्स में अभी पुराना लोगो ही दिखाई दे रहा है। गूगल ने इस नए लोगो के फुल रोलआउट की कोई आधिकारिक तारीख अभी तक साझा नहीं की है, लेकिन संभावना है कि आने वाले हफ्तों में यह अधिक डिवाइसेस और प्लेटफॉर्म्स पर दिखाई देने लगेगा।





