नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव होने में अब कुछ ही दिन का समय बचा हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर 2024 को होना है। चुनाव से पहले राज्य की सभी जांच एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। वे महाराष्ट्र में होने वाली सभी गतिविधियों पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। इसी बीच मुंबई पुलिस और चुनाव आयोग के अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई की है, दोनों की सयुंक्त टीम ने एक ट्रक से आठ हजार किलोग्राम चांदी बरामद की है। इसकी बाजार में कीमत 80 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस चांदी की बहुत ही बड़ी मात्रा को देख दंग रह गई
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई की मानखुर्द पुलिस ने वाशी चेक नाके के पास नाकाबंदी की हुई थी। मुंबई पुलिस वहां से गुजरने वाली सभी गाड़ियों की जांच कर रही थी। तभी 15 नवंबर 2024 की रात को चेक नाके के पास से ही यह ट्रक जा रहा था। मुंबई पुलिस की टीम को इस ट्रक पर शक हो गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को रोका और उसकी तलाशी लेना शुरू कर दी। ट्रक की चेकिंग के दौरान पुलिस चांदी की बहुत ही बड़ी मात्रा को देख दंग रह गई। इसके बाद पुलिस ने चांदी का वजन भी करवाया। चांदी का वजन 8,476 किलो के करीब निकला।
मुंबई पुलिस ने इसकी जानकारी आयकर विभाग को भी दी
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, बाजार में 8,476 किलोग्राम चांदी की कीमत 80 करोड़ रुपये आंकी गई है। मुंबई पुलिस ने तुरंत इस मामले में ड्राइवर से पूछताछ की। लेकिन ड्राइवर ने संतोषनजक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया। मुंबईपुलिस ने इसकी जानकारी आयकर विभाग को भी दी। अब आयकर विभाग की टीम यह पता लगाने में जुड़ गई है कि इसका मालिक कौन है और ड्राईवर इसको कहां ले जा रहा था।





