मुख्य पृष्ठ
रफ्तार की नई रफ्तार
डेटलाइन इंडिया  (मंगलवार, जून 3, 2008)

डेटलाइन इंडिया नई दिल्ली, 3 जून - अपने आपको हिंदी में इंटरनेट का सबसे बड़ा पोर्टल बनाने का सपना देखने वाले रफ्तार डॉट इन की आज नए सिरे से शुरूआत हुई।

गुगल और याहु का टक्कर देने का इरादा रखने वाले इस पोर्टल की खास बात यह है कि इस पर सिर्फ हिंदी में सर्च की जा सकती है और यह वैसे भी हिंदी का सबसे बड़ा सर्च इंजन है। रफ्तार डॉट इन में अब कई सारी नई विशेषताएं जोड़ी गई हैं। इस वेब साइट के सर्च इंजन में वह सब मिलने का दावा किया गया है जो हिंदी में उपलब्ध है। वह चाहे गाने हों, फिल्म हो, साहित्य हो या ताजी खबरें हों।

देश, दुनिया, खेल, कारोबार, अपराध, देशी और विदेशी फिल्मी दुनिया के समाचार अब हिंदी में एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा इस सब की सर्च में रसोई और दैनिक जीवन की कहानियां भी शामिल हैं। विख्यात अर्थशास्त्री और कंपनी के संस्थापक डॉक्टर लवीस भंडारी और इसके निदेशक पीयूष वाजपेयी का कहना है कि यह नई वेब साइट उन लोगों को ध्यान में रख कर बनाई गई है जो इंटरनेट का प्रयोग तो जानते हैं लेकिन हिंदी में काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस वेब साइट में हिंदी पाठकों को ध्यान में रख कर और भी सुधार किए जाएंगे और हिंदी में पहली ब्लॉग सेवा भी यहीं शुरू की गई है।

कारोबार और व्यापार के अलावा सेंसेक्स आदि की सूचनाएं और यहां तक राशि फल तक इस साइट पर डाले गए हैं। ऐसे में जब ज्यादातर वेब साइट्स अपने आपको रोजगार और जमीन जायदाद तक सीमित रखें हैं, रफ्तार ने हिंदी के लिए यह कदम उठा कर एक नई मंजिल पार की है। श्री भंडारी का कहना है कि इसे आप इंटरनेट पर अंग्रेजी के एकाधिकार की समाप्ति भी मान सकते हैं।


http://www.datelineindia.com/page.php?15